Friday, July 24, 2026
Latest:
राष्ट्रीय

पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड ने दी दस्तक, उत्तर भारत के कई राज्यों में 20 डिग्री तक लुढ़का पारा 

Uk Tak News

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर कई राज्यों में दिखने लगा है। उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल रही है। कुमाऊं के इलाकों में ठंड बढ़ गई है। उच्च हिमालयी इलाकों में ताजा बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों का पारा 20 डिग्री से नीचे चला गया है। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों में बर्फबारी हुई है। साथ में ऊंचे पर्वतीय इलाकों में मध्यम बर्फबारी हुई है।

शिमला जिले के नारकंडा व खड़ापत्थर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। जम्मू कश्मीर के मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है, तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी। कई इलाकों में शीतलहर की खबर है। उत्तराखंड में भी बर्फबारी हो रही है। पिथौरागढ़ जिले में दारमा क्षेत्र के कई माइग्रेशन गांवों और साथ लगते ऊंचे हिमालयी इलाकों में बर्फ गिरी है। कई जगह 50 साल बाद बर्फबारी हुई है। ये इलाके लगभग 10 हजार फीट से भी ऊंचे हैं।

मुनस्यारी में अधिकतम 12 और न्यूनतम 4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है। सीमांत जिले के खलिया, नागनीधुरा और आसपास के इलाकों में भी बर्फ गिरी है। पिथौरागढ़ का तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया है। जो पहले के मुकाबले 2 डिग्री गिरा है। यहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा है। मुनस्यारी के पर्यटक स्थल खलिया में पारा जीरो से नीचे चला गया है।

बागेश्वर जिले के पिंडारी और मैकतोली में सीजन की पहली बर्फ गिरी है। जिले में लगातार बारिश और ओलावृष्टि से ठंड बढ़ी है। घाटी में कोहरा दिख रहा है। अधिकतम 16 और न्यूनतम 12 डिग्री तक टेंपरेचर यहां रिकॉर्ड किया गया है। अल्मोड़ा का हाल भी जुदा नहीं है। यहां के जागेश्वर में तापमान गिरा है। न्यूनतम 8 व अधिकतम 14 डिग्री टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया है। चम्पावत जिले में लोहाघाट स्थित एबटमाउंट का इलाका सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया है। विभाग के अनुसार यहां का तापमान न्यूनतम 8 और अधिकतम 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों और ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी हुई है। शिमला, सिरमौर, मंडी, चंबा और कुल्लू की बात करें, तो विभाग की ओर से शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। यहां कई जगह पारा जीरो डिग्री से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया है। विभाग के अनुसार लाहौल और स्पीति, किन्नौर में बर्फ गिरी है। इसके अलावा रोहतांग दर्रा, चूड़धार पर्वतमाला, जलोरी दर्रा और जोत (चंबा) में बर्फ के कारण सफेद चादर बिछी नजर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *