उत्तराखंड

हवालात में पीआरडी जवान की मौत का मामला, पत्नी ने पुलिस पर लगाए आरोप, हुआ पोस्टमार्टम

Uk Tak News

रायपुर थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की मौत हो गई। जवान का शव  शनिवार को कंबल से बने फंदे में लटका मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं, आज डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम कर रहा है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लोगों की भीड़ लगी है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। उधर, जवान की पत्नी ने भी पुलिस ने जवान के साथ मारपीट का आरोप लगाया है।

शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था। समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो उसे थाने लाया गया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में हंगामा करने पर उसे हवालात में बंद कर दिया गया। कुछ देर बाद वह बेसुध अवस्था में मिला।

पुलिसकर्मी तत्काल उसे कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हवालात के अंदर हुई इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आईजी आनंद स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

वहीं, मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया हवालात में आत्महत्या का मामला लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *