उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएँ हमारी अमूल्य धरोहर
रुड़की।कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने देवभूमि उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी है।
उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति हमारी आस्था एवं संस्कृति का प्रतीक है। यह पर्व हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, पर्यावरण को संरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने का संदेश देता है।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएँ हमारी अमूल्य धरोहर हैं। हरेला का पर्व हमें प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने, पेड़-पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हरेला जैसे लोक पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा भी देते हैं।
अंत में प्रदीप बत्रा ने कामना की कि हरेला का यह पावन पर्व सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और हरियाली लेकर आए।

