उत्तराखंड

प्रदेश भर में “जन-जन की सरकार चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम की धूम

Uk Tak News

देहरादून। धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को प्रदेश भर में “जन-जन की सरकार चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। देहरादून से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषण का लाइव प्रसारण किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका “संकल्प से सिद्धि: विकसित उत्तराखंड, बेमिसाल विकास और नई पहल के चार वर्ष” का विमोचन किया गया। विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

हरिद्वार जनपद में मुख्य कार्यक्रम ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में सरकार ने विगत चार वर्षों में विकास के कई आयाम एवं उपलब्धियों को हासिल किया है।

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारी किसान योजना के अन्तर्गत 50 लाभार्थियों को ₹56,13,000 धनराशि के चेक वितरित किए गए। बाल विकास विभाग द्वारा 40 महिलाओं को महालक्ष्मी किट और समाज कल्याण विभाग की ओर से नौ दिव्यांगजनों को बैसाखी,छड़ी और व्हील चेयर वितरित की गई। चार महिलाओ को 02 -02 लाख के मुद्रा लोन के चेक वितरित किए गए।

जिला सूचना कार्यालय की ओर से विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का संचालन नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

चम्पावत जनपद के गौरलचौड़ मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 40 से अधिक विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर प्रतिभागियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को लाभान्वित किया। श्रम विभाग ने श्रम कार्ड वितरित किए जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र एवं व्हीलचेयर प्रदान की गई। कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग की ओर से उन्नत बीज, दवाएं एवं कृषि यंत्र वितरित किए गए।पशुपालन विभाग द्वारा हीरा देवी को बकरी पालन के लिए ₹63,000 और माहेश्वरी देवी को बकरी पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु ₹35,000 की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *