Corona Case In Uttarakhand : देश के ज्यादातर हिस्सों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए हुई सख़्ती
Corona Case In Uttarakhand : देश के ज्यादातर हिस्सों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सख्तियों का दौर लौटने लगा है। कई राज्यों ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना फिर अनिवार्य कर दिया है। कोरोना को लेकर आज देशभर में मॉकड्रिल हुई। प्रदेश के अस्पतालों में कोविड व्यवस्थाओं को परखने के लिए आज मॉक ड्रिल किया जा रहा है।

देहरादून के पंडित दीनदयाल कोरोनेशन जिला अस्पताल में कोविड की व्यवस्थाओं को लेकर मॉकड्रिल किया गया है। मॉकड्रिल में स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत के साथ महानिदेशक स्वास्थ्य, सीएम देहरादून सहित स्वास्थ्य विभाग के संबधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट, आईसीयू, कोविड वार्ड का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अधिकारियों से दवाओं की आपूर्ति, स्टॉक, मैन पॉवर, से संबधित जानकारी लेने के साथ ही अन्य जरूरी दिशा निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुये राज्य सरकार अलर्ट मोड़ पर है। कोरोना महामारी की आहट को देखते हुये सूबे में कोरोना जांच एवं वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिये गये है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा प्रदेश में कोरोना महामारी की स्थिति नियंत्रण में है और राज्य सरकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिये पूरी तरह से तैयार है। स्वास्थ्य विभाग के पास महामारी की रोकथाम के लिये पर्याप्त संसाधनों एवं प्रबंधन है।

चारधाम यात्रा को देखते हुये यात्रा मार्गों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों दे दिये गये हैं। चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहत्तर बनाने पर सरकार का पूरा ध्यान है। उन्होंने कहा कि कोरोना-19 की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिये भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू किया जायेगा। चारधाम यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां पूरी हैं।
आपको बता दें कि उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 30 नए मामले दर्ज किए गए हैं। कुल एक्टिव केसों की संख्या राज्य में 81 हो गई है। जबकि 66 संक्रमित ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, रविवार को सामने आए 30 नए मामलों में देहरादून के 21, हरिद्वार के 04 , नैनीताल के 03 और ऊधमसिंह नगर के 02 मामले शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में कोविड संक्रमण रोकने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाएगा। वर्तमान में राज्य में 26 फीसदी लोगों को प्रिकॉशन डोज लगाई जा चुकी है, जबकि 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों को पहली एवं दूसरी डोज शतप्रतिशत लगाई जा चुकी है। कोविड-19 जांच के लिये प्रदेश में 11 राजकीय जांच केन्द्रों में आरटीपीसीआर जांच की सुविधा है जिनकी प्रतिदिन औसतन 13000 से 15000 सैंपल जांच करने की क्षमता है।
इसके अलावा राज्य में कोविड-19 की जीनोम सीक्वैनसिंग जांच के लिये राजकीय दून मेडिकल कॉलेज देहरादून, हल्द्वानी एवं अल्मोड़ा में लैब कार्यशील है। विभागीय मंत्री ने बताया कि राज्य के राजकीय चिकित्सालयों में कुल 7703 ऑक्सीजन सपोर्ट बेड, 852 आईसीयू बेड एवं 1165 वेंटिलेटर उपलब्ध है।

